*खनियाधाना में मोबाइल कोर्ट का आयोजन, कई वाहनों के काटे चालान; हूटर निकलवाए, काली फिल्म हटवाई*
*खनियाधाना / शिवपुरी।* आज शुक्रवार शाम 5:00 बजे मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर 2026 को खनियाधाना में माननीय उच्च न्यायालय के आदेश एवं मोटर वाहन अधिनियम के पालन को लेकर मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया।न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती अंजना यादव के नेतृत्व में बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूली बस, वैन, मैजिक, बाइक और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा, फिटनेस, परमिट एवं पीयूसी दस्तावेजों की जांच की गई।जांच के दौरान जिन चारपहिया वाहनों में हूटर लगे मिले, उनके हूटर निकलवाए गए और चालानी कार्रवाई की गई। वहीं वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म हटवाई गई। तेज रोशनी वाली अतिरिक्त लाइटें लगाकर चलने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई हुई।दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी गई। स्कूली वाहन संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त हिदायत दी गई।
*- सुनील लोधी, पत्रकार - 93011 31438*
---
Pichhore, Shivpuri | Nov 21, 2026