
बस्ती समाचार
मानक से अधिक आवाज में डीजे बजाने पर बस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 संचालकों के 7 डीजे साउंड सीज
गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना हर्रैया क्षेत्र में तय सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए 2 डीजे संचालकों के कुल 7 डीजे साउंड सिस्टम को सीज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस टीम ने ध्वनि प्रदूषण मापक यंत्र (Sound Level Meter) से मौके पर जांच की। जांच में पाया गया कि डीजे संचालक शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे थे। उल्लंघन स्पष्ट होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीजे उपकरणों को जब्त कर लिया।
इस मामले में संबंधित डीजे संचालकों के खिलाफ मु0अ0सं0 273/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 270, 292, 352, 351(3) एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बस्ती पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने सभी डीजे संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। पुलिस ने अपील की है कि सभी नागरिक और आयोजक आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और प्रदूषण-मुक्त वातावरण में मनाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी
#यूपी #बस्ती
Basti, Basti | Oct 2, 2026