अररिया में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की पहल, BIADA में आयोजित हुई जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग वार्ता।
जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, निवेशकों एवं उद्यमियों की समस्याओं को समझने तथा उनके त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में BIADA औद्योगिक क्षेत्र में निवेशकों एवं उद्यमियों के साथ उद्योग वार्ता आयोजित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी छोटी-से-छोटी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना तथा संबंधित विभागों के समन्वय से उनका यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक में उद्यमियों ने बिजली, विद्युत आपूर्ति, आधारभूत संरचना, सुरक्षा, लाइसेंस नवीनीकरण, उद्योग हेतु अनुदानित सौर ऊर्जा तथा सुरक्षा हेतु औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी का निर्माण एवं अन्य व्यावहारिक समस्याओं को जिलाधिकारी महोदय के समक्ष रखा।जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर लगाने का आदेश कार्यपालक अभियंता, बिजली विभाग को दिया गया। साथ ही BIADA क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने तथा उद्योगों में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया। औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित थानाध्यक्ष को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। BIADA क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने एवं बंद स्ट्रीट लाइट को सही करने हेतु उप महाप्रबंधक, डीआईसीएम, व्यवसाय कर आयुक्त सहित संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि जलजमाव एवं अंधकार की समस्या से उद्यमियों को राहत मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यमियों को जीरो इफेक्ट, जीरो डिफेक्ट (ZED) तकनीक के बारे में जानकारी देते हुए गुणवत्ता आधारित एवं पर्यावरण अनुकूल उत्पादन प्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
बैठक में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्योगों की स्थापना एवं संचालन से संबंधित विभिन्न विभागीय प्रक्रियाओं और सुविधाओं की जानकारी जिलाधिकारी महोदय के आदेश के आलोक में महाप्रबंधक द्वारा दी गई। इसके अतिरिक्त श्रम संसाधन विभाग से संबंधित बायलर लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।
जिले में उपलब्ध संसाधनों, संभावनाओं एवं औद्योगिक क्षमता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से लेदर, जूट, टेक्सटाइल एवं फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना एवं विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उद्यमियों की बिक्री से संबंधित समस्याओं पर भी विचार किया गया तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निवेशकों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने, उनकी समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने तथा जिले में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
उद्योग वार्ता की यह पहल जिला प्रशासन और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ अररिया में निवेश एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Araria, Araria | Nov 27, 2026