फारबिसगंज। अररिया जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने और स्थानीय कारोबार को मजबूत बनाने की दिशा में जिलाधिकारी विनोद दोहन ने शुक्रवार को फारबिसगंज स्थित बियाडा औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उद्योग वार्ता के तहत बियाडा में संचालित छोटे-बड़े उद्योगों के संचालकों और स्थानीय व्यापारियों से वन-टू-वन बातचीत की। बैठक में उद्योगों की समस्याओं, संभावनाओं और जिले को औद्योगिक पहचान दिलाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने लेदर इंडस्ट्रीज, फूड सप्लीमेंट, जूट, मखाना सहित अन्य उद्योगों की संभावनाओं पर व्यापारियों से राय ली। उन्होंने कहा कि अररिया जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उद्योगों का विस्तार जरूरी है। ऐसे उद्योगों को बढ़ावा देने की जरूरत है, जिनसे स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हों।
वार्ता के दौरान व्यापारियों ने बिजली की समस्या, साफ-सफाई, महंगे मेंटेनेंस चार्ज और अन्य बुनियादी परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। सौरभ इंडस्ट्रीज की ओर से मेंटेनेंस शुल्क का मुद्दा उठाया गया, जबकि मखाना कारोबारी बीएन देव ने बैंकिंग लेनदेन में आ रही परेशानियों से डीएम को अवगत कराया। व्यापारियों ने नेपाल से आने वाले उत्पादों के कारण स्थानीय बाजार की बिक्री प्रभावित होने की बात कही। साथ ही छोटी-मोटी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। एक व्यापारी ने मनोरंजन उद्योग की संभावनाओं पर भी सुझाव दिया।
डीएम विनोद दोहन ने कहा कि बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मौके पर एसडीओ अभय तिवारी, डीएसपी राजकिशोर कुमार, उद्योग विभाग के जीएम मोहम्मद अफान के अलावा व्यापारी अशोक चौधरी, संजीव मंडल, पप्पू जायसवाल, बीएन देव, गुलाब उद्योग और सौरभ इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि सहित बियाडा के सभी छोटे-बड़े व्यापारी मौजूद थे।
Araria, Araria | Nov 27, 2026