दीपोत्सव और भजन संध्या में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर, इंद्रेश कुमार को नदीम इकबाल और रहीम खान ने किया सम्मानित
नई दिल्ली में दीपावली मिलन समारोह में उमड़ा देशभर के गणमान्य लोगों का जमावड़ा, एकता और भाईचारे का दिया संदेश
नई दिल्ली। दीपावली के पावन पर्व पर राजधानी दिल्ली के मोतिया खान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक माननीय इंद्रेश कुमार जी के निवास पर भव्य दीपोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। 7 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के बरेली संयोजक नदीम इकबाल एवं रहीम खान ने विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत की। दोनों ने इंद्रेश कुमार जी को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में दीपों की रोशनी, भजनों की मधुर धुन और आपसी सौहार्द के बीच भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता की झलक देखने को मिली। आयोजन ने धर्म, जाति और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया।
इस मौके पर नदीम इकबाल ने कहा कि यह आयोजन गंगा-जमुनी तहजीब का खूबसूरत संगम और भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा डीएनए एक है, हम सभी भारतवासी हैं। हमारा देश एक है और हम सबको मिलकर एक भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है।
वहीं रहीम खान ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारा भारतीय समाज की पहचान है। हम सभी इंद्रेश कुमार जी का सम्मान करते हैं, जो इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोड़ने और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने का प्रयास करते हैं।
दीपोत्सव एवं भजन संध्या का यह आयोजन केवल दीपावली मिलन समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संकल्प व्यक्त किया
Bareilly news Live