जमुई में शराब तस्करी का नया तरीका! सब्जी की आड़ में 1,776 बोतल शराब बरामद, दो नाबालिग निरुद्ध
जमुई: शराब तस्करी के लिए अब सब्जियों की आड़ लेने के साथ नाबालिगों को भी इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। जमुई के सोनो प्रखंड स्थित डुमरी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने पत्ता गोभी से लदे पिकअप वाहन से 711 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के निर्देशन और उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई हुई। तलाशी में पत्ता गोभी के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की 79 पेटियां मिलीं, जिनमें कुल 1,776 बोतलें थीं। कार्रवाई में एएसआई विनय कुमार राय की भी अहम भूमिका रही।
उत्पाद विभाग के अनुसार, शराब की खेप झारखंड के गिरिडीह से जमुई के रास्ते लखीसराय ले जाई जा रही थी। मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Jamui, Jamui | Oct 13, 2026