ग्राम टाटरवाड़ा में "नवांकुर सखी" हरियाली कलश यात्रा का आयोजन
नारी शक्ति को पौधारोपण हेतु पौधों का किया गया वितरण
=============================================================
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार "एक पेड़ मां के नाम" अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति घुट्टी के नेतृत्व में विकासखंड जुन्नारदेव की आदर्श ग्राम पंचायत घुट्टी के ग्राम टाटरवाड़ा में नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन एवं देव पूजन के साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत फलदार पौधे देकर एवं अक्षत पुष्प से किया गया। साथ ही नवांकुर सखी महिलाओं का स्वागत-सम्मान अक्षत, पुष्प गुच्छ एवं फूलों की वर्षा कर किया गया। इसके बाद विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। सरपंच श्रीमती ज्योति कुमरे ने महिलाओं को संबोधित किया।
इसी क्रम में हरियाली यात्रा एवं पौध कलश यात्रा का शुभारंभ सामुदायिक भवन से होकर होली मोहल्ला एवं प्राथमिक शाला होते हुए पुनः सामुदायिक भवन में समापन किया गया। रैली समापन के बाद नवांकुर संस्था उपाध्यक्ष आर्या गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण पर अपना वक्तव्य देते हुए पेड़-पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण पर विचार व्यक्त किए।
उद्बोधन के पश्चात नवांकुर सखियों को जनप्रतिनिधियों के हाथों 11-11 पौधे वितरित किए गए। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी सहभागियों को भी 11-11 फलदार पौधे देकर सम्मानित किया गया। सभी को पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन की घोषणा एवं धन्यवाद-आभार समिति अध्यक्ष श्रीमती ज्योति कुमरे द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्य, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, संस्था उपाध्यक्ष आर्या गुप्ता, श्रीमती अश्लेषा, श्रीमती पूजा धुर्वे, श्रीमती दुर्गा उईके, मेंटर श्रीमती योगिता मर्सकोले, श्री गोविंद नंदवंशी, श्रीमती नेहा चौकसे तथा ग्रामीण जनों का सहयोग रहा।