अभाना की टेक पर खाई में घुसी यात्री बस, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, वीडियो आया सामने
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर अभाना की टेक के पास आज सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। चालक की सूझबूझ और समय पर लगाए गए ब्रेक से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 35 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार शिव शक्ति कंपनी की बस दमोह से तारादेही जा रही थी। रास्ते में आगे चल रही बोलेरो के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। टक्कर से बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन को बाईं ओर मोड़ा, जिससे बस खाई में उतर गई।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि बस खाई की ओर बढ़ते ही अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक ने नियंत्रण बनाए रखा। सूचना पर थाना प्रभारी अभिषेक पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कीचड़ में फंसने से बस नहीं निकल सकी, जिसके बाद दूसरी बस से यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
Damoh, Damoh | Jul 20, 2026