नौरंगिया चौराहे पर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
संत कबीर नगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के नौरंगिया चौराहे पर स्थित विशाल वस्त्रालय एवं रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
दुकान संचालक विशाल अग्रहरी के मुताबिक, वह रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब 9:15 बजे लोगों ने फोन कर दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जब दुकान का शटर खोला गया तो अंदर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।
दुकानदार के अनुसार, आग की इस घटना में करीब 40 लाख लगभग रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
वहीं सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।