लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप, रिपोर्ट न लगाने से किसानों की पत्रावली अटकी
संतकबीरनगर। सरैया क्षेत्र के कई किसानों ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का आरोप है कि जमीन से जुड़े मामलों की रिपोर्ट लगाने और पत्रावली आगे बढ़ाने के नाम पर उनसे कथित तौर पर रिश्वत की मांग की जा रही है।
प्रार्थीगण का कहना है कि एक मामले में लेखपाल द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई। गरीब किसान होने के कारण उन्होंने आपस में रुपये इकट्ठा कर 22 हजार रुपये दिए, लेकिन शेष रकम की व्यवस्था नहीं हो सकी। किसानों का आरोप है कि इसके बाद आज तक रिपोर्ट प्रेषित नहीं की गई, जिससे मामला लंबित पड़ा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आवास संबंधी रिपोर्ट लगाने के नाम पर भी 5 हजार रुपये मांगे जाते हैं और रकम न देने पर पत्रावली निरस्त करने की धमकी दी जाती है। किसानों ने दावा किया है कि कुछ लोगों से कथित रूप से रकम ली भी गई है।
किसानों ने जिलाधिकारी और संबंधित राजस्व अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लंबित रिपोर्ट प्रस्तुत कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत करने वालों में सुरेंद्र सिंह, विश्वनाथ, श्रवण, दयाराम चौधरी, पंतरामचौधरी, , राजेंद्र सिंह, प्रभुनाथ चौधरी, कैलाश सिंह, बृजेश कुमार मिश्रा, राजपाल और संजय कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं।