ग्रेटर नोएडा में बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाशों को लगी गोली
ग्रेटर नोएडा में 6 साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसे 5 लाख रुपये में बेचने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कासना थाना पुलिस, ईकोटेक-1 थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने मासूम बच्चे को बेचने के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय किया था। पुलिस ने बच्चे को बेचने वाली और खरीदने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी, कार, मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद किया गया है।
मामले में 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अपहरण की इस साजिश का खुलासा किया।