Public App Logo
छतरपुर। जिले के ग्राम रगौली निवासी पुष्पेंद्र सिंह की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई प्रह्लाद सिंह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई और आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आत्महत्या से पहले पुष्पेंद्र को फोन कर 5 लाख रुपए की मांग की गई और रुपए नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को पुष्पेंद्र के पास छतरपुर के किसी पुलिसकर्मी के नाम से फोन आया था। आवेदन में एक अन्य नंबर से मिस्ड कॉल आने का भी उल्लेख किया गया है। प्रह्लाद सिंह का आरोप है कि इसके बाद उसके भाई को बताया गया कि गोविंद सोनी के कहने पर पुलिसकर्मियों ने उससे 5 लाख रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी दी। आवेदन में गोविंद सोनी और प्रियंशी राजपूत पर पुष्पेंद्र को कथित रूप से प्रताड़ित करने तथा झूठे आवेदन के जरिए दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसी मानसिक दबाव और कथित रुपए की मांग से परेशान होकर पुष्पेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आवेदन में यह भी कहा गया है कि मृतक एक सुसाइड नोट छोड़ गया था। कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की मांग मृतक के भाई ने एसपी से मांग की है कि आवेदन में बताए गए सभी मोबाइल नंबरों की सीडीआर, लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड की जांच कराई जाए। साथ ही घटना से जुड़े लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने कहा है कि आत्महत्या से पहले मृतक से जिन लोगों ने बातचीत की और जिन नंबरों से फोन आए, उनकी जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। फिलहाल आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। SP Chhatarpur Bundelkhand Wala PRO Jansampark Chattarpur PRO Bhopal - Chhatarpur Nagar News