आपदा मित्रों का सात दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण संपन्न
आपदा के समय आपदा मित्रों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका - एडीएम श्री सिंह
=====================================
आपदाओं के समय क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देने के उद्देश्य से जिले के आपदा मित्रों का सात दिवसीय प्रशिक्षण स्थानीय होमगार्ड कार्यालय परिसर छिंदवाड़ा में संपन्न हुआ। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीएम श्री धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला होमगार्ड कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या एवं सिविल डिफेंस के सब डिविजन वार्डन श्री श्यामल राव भी मौजूद थे।
इस अवसर पर जिला होमगार्ड कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या ने कहा कि जिले में विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए एसडीईआरएफ टीम को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से आपदा मित्रों को सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित आपदा मित्र किसी भी आपदा के समय आवश्यकता पड़ने पर समाज में अपनी सेवाएं देकर जान-माल के नुकसान को कम करने में सहयोग प्रदान करेंगे।
एडीएम श्री धीरेंद्र सिंह ने कहा कि आपदा कब आ जाए और कब चली जाए, यह किसी को पता नहीं होता। आपदा आने पर आपदा मित्र किसी की जान बचाने में सार्थक भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे समय में व्यक्ति जहां भी हो, वहां पीड़ित को प्राथमिक स्तर पर मदद पहुंचा सकता है। यह प्रशिक्षण जीवनभर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की मदद करने में कारगर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि जिले में सर्पदंश की घटनाएं अधिक हो रही हैं। प्राथमिक उपचार एवं जानकारी के अभाव में कई बार लोगों की मृत्यु हो जाती है। यदि सर्पदंश पीड़ित को प्राथमिक चिकित्सा देकर समय पर अस्पताल पहुंचाया जाए, तो उसकी जान बचाई जा सकती है। इसी प्रकार दुर्घटनाओं के मामलों में राहवीर योजना के अंतर्गत पीड़ित की मदद कर उसकी जान बचाई जा सकती है और सहायता करने वाले व्यक्ति को भी योजना का लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आपदाओं को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें रोकने का प्रयास करना चाहिए।
सिविल डिफेंस के सब डिविजन वार्डन श्री श्यामल राव ने बताया कि आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण के प्रथम बैच में 125 आपदा मित्रों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अब आपदा मित्रों के द्वितीय बैच को भी सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10वीं या उससे अधिक शिक्षा प्राप्त इच्छुक स्वयंसेवक, जिन्हें तैराकी आती हो तथा जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच हो, वे 29 अक्टूबर से 30 अक्टूबर की शाम तक स्थानीय होमगार्ड कार्यालय में अपना पंजीयन करा सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न आपदाओं से निपटने की जानकारी अभ्यास के माध्यम से दी गई। इसमें सर्पदंश, बाढ़, आग, टेंट लगाने की प्रक्रिया, आपदा के समय उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की जानकारी, भूकंप, रबर बोट तैयार करने की विधि, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का प्रशिक्षण शामिल रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों द्वारा 125 आपदा मित्रों को आपदा मित्र किट प्रदान की गई तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण को सफल बनाने में होमगार्ड के एएसआई श्री वुदमान धुर्वे, मेजर श्री आर.पी. सिगोतिया तथा एसडीईआरएफ के सैनिक श्री सुमित शर्मा, श्री दीपेंद्र वरकड़े, श्री सचिन विश्वकर्मा, श्री अंकित पांडे, श्री राजा मर्सकोले, श्री प्रवीण धुर्वे एवं श्री स्पर्श यादव का सराहनीय सहयोग रहा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026