जिला पदाधिकारी, बाँका की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, पैक्सों के कंप्यूटरीकरण, आदर्श पैक्स के चयन, एफपीओ के कार्यकलाप, कॉमन सर्विस सेंटर, उर्वरक व्यवसाय तथा गोदाम निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि पैक्स कंप्यूटरीकरण योजना के अंतर्गत चयनित कुल 105 पैक्सों में से 101 पैक्सों का सिस्टम ऑडिट पूरा कर लिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों में कम-से-कम दो पैक्सों का आदर्श पैक्स के रूप में चयन करने तथा इनके माध्यम से अधिकाधिक सहकारी योजनाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पैक्सों को और अधिक सशक्त एवं उपयोगी बनाया जा सके।
एफपीओ की समीक्षा के क्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि बाँका जिले में संचालित दो एफपीओ में से भोरसार एफपीओ द्वारा कारोबार किया जा रहा है, जबकि रजौन एफपीओ द्वारा अब तक कोई कारोबार प्रारंभ नहीं किया गया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने रजौन एफपीओ के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, कॉमन सर्विस सेंटर में लेन-देन (ट्रांजैक्शन) की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उर्वरक व्यवसाय की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के 59 पैक्सों को उर्वरक अनुज्ञप्ति प्राप्त हो चुकी है, लेकिन पॉस मशीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उर्वरक व्यवसाय प्रारंभ नहीं हो सका है। जिला पदाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को संबंधित पैक्सों के लिए पॉस मशीन उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गोदाम निर्माण योजना की समीक्षा के दौरान प्रबंध निदेशक, डीसीसीबी, भागलपुर के प्रतिनिधि ने बताया कि पूर्व में दो पैक्सों को विश्व की बड़ी अन्न भंडार योजना के अंतर्गत चयनित किया गया था। इनमें कुडरो पैक्स वर्तमान में निलंबित है, जबकि रजौन पैक्स को 5,000 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम के निर्माण के लिए चयनित किया गया था। जिला पदाधिकारी ने इस संबंध में कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति वर्ष 2026-27 के लिए विभाग द्वारा निर्गत मार्गदर्शिका के अनुरूप अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
1 views | Banka, Bihar | Oct 22, 2026