जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय विद्यालय खेल आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य बांका जिले में आगामी राज्य स्तरीय वॉलीबॉल (बालक वर्ग) प्रतियोगिता का सफल, सुचारू एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करना था।
उक्त प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 28 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक आर.एम.के. इंटर विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आयोजन को त्रुटिरहित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिला खेल पदाधिकारी, बांका को खेल मैदान की तकनीकी व्यवस्था, वॉलीबॉल कोर्ट का मानक अनुरूप रखरखाव, रेफरी की व्यवस्था, खेल उपकरणों की उपलब्धता तथा प्रतियोगिता की समय-सारणी सहित सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, तथा बाहर से आने वाली टीमों एवं अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
खेल परिसर, खिलाड़ियों के आवासन एवं भोजन स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं चलंत शौचालयों का सुदृढ़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, बांका को दिया गया।
खेल मैदान, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के आवासन स्थल तथा भोजन स्थल पर 24×7 प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, आवश्यक दवाओं के साथ एंबुलेंस की तैनाती तथा डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन, बांका को दिया गया।
विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों एवं उनके कोच के आवासन तथा भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।
वहीं, प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न चौक-चौराहों एवं बांका शहर के प्रमुख स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, बांका को दिया गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सफल, सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
2 views | Banka, Bihar | Oct 21, 2026