बिहार विधान परिषद् के कोशी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के सफल, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर आज जिला पदाधिकारी, बांका एवं पुलिस अधीक्षक, बांका की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें मतदान दल, स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल, माइक्रो प्रेक्षक, वीडियोग्राफर, जोनल दण्डाधिकारी एवं सुपर जोनल दण्डाधिकारी सहित निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके दायित्वों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। ब्रीफिंग के दौरान मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान के उपरांत मतपेटिकाओं को सुरक्षित रूप से निर्धारित बज्रगृह तक पहुँचाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
मतदान दल के पीठासीन पदाधिकारी निर्वाचन सामग्री एवं मतपेटिका प्राप्त करने के बाद समाहरणालय से अपने आवंटित मतदान केंद्र के लिए प्रस्थान करेंगे । स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल जिला कोषागार कार्यालय, बांका स्थित बज्रगृह से आवंटित मतदान केंद्र के लिए निर्धारित मतपत्र एवं पेपर सील प्राप्त कर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए प्रस्थान करेंगे।
मतदान समाप्ति के बाद पीठासीन पदाधिकारी सीलबंद पोल्ड मतपेटिका तथा वैधानिक एवं गैर-वैधानिक पैकेट के साथ स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल एवं पुलिस बल की अभिरक्षा में पूर्णिया स्थित निर्धारित बज्रगृह के लिए प्रस्थान करेंगे। पीठासीन पदाधिकारी एवं माइक्रो प्रेक्षक एक वाहन से जाएंगे, जबकि स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल एवं पुलिस बल दूसरे वाहन से पीठासीन पदाधिकारी के वाहन को एस्कॉर्ट करते हुए पूर्णिया पहुँचेंगे। मतपेटिकाओं को जिला स्कूल, पूर्णिया परिसर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पूर्णिया प्रमंडल, पूर्णिया में निर्धारित बज्रगृह में जमा कराया जाएगा।
माइक्रो प्रेक्षक दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय परिसर में योगदान देने के बाद मतदान दल के साथ सीधे आवंटित मतदान केंद्र पर जाएंगे । मतदान समाप्ति के बाद वे पीठासीन पदाधिकारी के साथ पूर्णिया स्थित बज्रगृह के लिए प्रस्थान करेंगे और अपना प्रतिवेदन संग्रहण स्थल पर निर्धारित काउंटर पर प्रेक्षक द्वारा प्राधिकृत कर्मी को हस्तगत कराएंगे।
पोल्ड मतपेटिकाओं को पूर्णिया स्थित बज्रगृह तक सुरक्षित पहुँचाने के लिए सभी संबंधित मतदान दलों एवं दण्डाधिकारियों को आवश्यक सामग्री के साथ रूट चार्ट उपलब्ध कराया गया है। भागलपुर गंगा पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण सभी पीठासीन पदाधिकारी एवं स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल के वाहन मुंगेर गंगा पुल के रास्ते पूर्णिया जाएंगे। किसी भी परिस्थिति में भागलपुर होकर नाव अथवा अन्य जलमार्ग से जाने की अनुमति नहीं होगी। चांदन एवं धोरैया प्रखंड सहित दूरस्थ मतदान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त मतदान दल एवं दण्डाधिकारी विशेष रूप से समय प्रबंधन का ध्यान रखेंगे। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे रास्ते में अल्पाहार अथवा भोजन के लिए कहीं नहीं रुकेंगे तथा आवश्यक अल्पाहार एवं भोजन पहले से पैक कर अपने साथ रखेंगे।
सभी प्रतिनियुक्त वीडियोग्राफर माइक्रो प्रेक्षक के पर्यवेक्षण में वीडियोग्राफी करेंगे। वीडियोग्राफी के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप मतदान की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मतदान समाप्ति के उपरांत वीडियोग्राफी का बैकअप जिला निर्वाचन कार्यालय, बांका को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। मतदान दल को मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए। मतदाता मतदान के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए स्केच पेन का ही उपयोग करेंगे। मतदाताओं को मतपत्र पर वरीयता क्रम अंकित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मतदाता अपने मतपत्र को किसी अन्य व्यक्ति के समक्ष प्रदर्शित न करे।
सभी पीठासीन पदाधिकारियों को PRO App पर मतदाता मतदान प्रतिशत (VTR) सहित निर्वाचन संबंधी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी निर्धारित समयावधि में अपडेट करने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदान प्रक्रिया की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके।
मतदान के दिन केवल मतदान केंद्रों पर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्ष एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभिन्न स्रोतों से विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचनाएं प्राप्त कर आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल के साथ संबद्ध पुलिस पदाधिकारी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण, मतदान दलों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए सतर्क एवं मुस्तैद रहेंगे।
जोनल एवं सुपर जोनल दण्डाधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में मतदान कार्यों के सफल संचालन के लिए उत्तरदायी होंगे। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके क्षेत्र के सभी मतदान दल एवं स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-मतपेटिका संग्रहण दल निर्धारित समय पर अपने आवंटित मतदान केंद्रों पर पहुँच जाएं तथा मतदान निर्धारित तिथि को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो। मतदान समाप्ति के बाद वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि सभी पीठासीन पदाधिकारी एवं मतपेटिका संग्रहण दल सुरक्षा बल के साथ मतपेटिकाएं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री लेकर निर्धारित बज्रगृह में जमा कराने के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के सफल संचालन एवं सतत अनुश्रवण के लिए समाहरणालय, बांका स्थित मिनी सभागार में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06424-222250 एवं 06424-222256 है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतदाता फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त निर्वाचकों की पहचान के लिए निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य सरकार/केंद्र सरकार/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों/स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र, संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक के नियोजन वाले शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री/डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम पदाधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड शामिल हैं।
मतदान के दिन मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। हेल्प डेस्क पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग मिल सके। मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदाताओं को अपना मोबाइल फोन हेल्प डेस्क पर ही जमा रखना होगा।
ब्रीफिंग के दौरान सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने तथा मतदान के उपरांत मतपेटिकाओं की सुरक्षित अभिरक्षा एवं निर्धारित बज्रगृह तक समयबद्ध पहुँच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
Banka, Bihar | Oct 22, 2026