राजनगर में जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 9 जुआरी गिरफ्तार; 41,900 रुपये नकद जब्त
रामबाग मोहल्ले में ताश के पत्तों पर लगा रहे थे हार-जीत का दांव, पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज।
राजनगर। छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ले में पुलिस ने जुआ फड़ पर छापामार कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 41 हजार 900 रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद की हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक माधव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामबाग मोहल्ले में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हाकिम खान, सालिगराम विश्वकर्मा, इसरार अहमद, महेंद्र सोनी, शैलेंद्र पटेल, अमरीश अग्रवाल, राजेश कुमार अहिरवार निवासी राजनगर, पुष्पेंद्र मिश्रा निवासी गोरा (खजुराहो) और हरवंश अवस्थी निवासी खजवा शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।