प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर से मूर्ति व आभूषण चोरी का आरोप, 24 घंटे में कार्रवाई की मांग
चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर)। ग्राम बांसला स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण जी मंदिर से प्राचीन मूर्ति एवं आभूषण चोरी किए जाने तथा मंदिर की भूमि पर कब्जे के प्रयास के आरोपों को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मंदिर से जुड़े गोस्वामी परिवार के सदस्यों ने पुलिस थाना चौथ का बरवाड़ा में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 18 जून 2026 की रात्रि में कुछ लोगों ने कथित रूप से मंदिर में स्थापित प्राचीन मूर्ति को उसके मूल स्थान से हटाकर चोरी कर लिया तथा मंदिर में रखे आभूषण एवं अन्य धार्मिक सामग्री भी ले गए। विरोध करने पर महिलाओं को धमकाने तथा मंदिर की भूमि पर कब्जा करने के प्रयास के भी आरोप लगाए गए हैं।
प्रार्थी पक्ष का कहना है कि मंदिर की पूजा-अर्चना एवं देखरेख का अधिकार उनके परिवार को न्यायालय के निर्णय से प्राप्त है, इसके बावजूद कथित रूप से मंदिर की व्यवस्था में अवैध हस्तक्षेप किया गया है।
इधर, ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर एवं पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर को भी ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि चोरी की गई प्राचीन मूर्ति एवं आभूषणों को तत्काल बरामद कर मूर्ति को उसके मूल स्थान पर पुनः स्थापित कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में प्रशासन को 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे जनआंदोलन एवं कानूनी कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन देने वालों में मुकेश गोस्वामी, दिलराज गोस्वामी, महावीर गोस्वामी सहित अन्य ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल थे।