अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने व सुरक्षित यातायात के लिए रेवाड़ी पुलिस का सख्त रुख: जिले भर में विशेष नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान जारी
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
-अभियान के दौरान माह सितम्बर में पुलिस ने बिना नंबर प्लेट व 10 से 15 वर्ष पुराने वाहनों सहित कुल 701 वाहन किए इम्पाउंड, 2129 वाहनों के काटे चालान
-बिना नंबर प्लेट, नंबरों से छेड़छाड़ करने तथा अनधिकृत स्लोगन/डिजाइन लिखवाने वाले वाहन चालकों पर की जा रही कड़ी कानूनी कार्रवाई
-वाहन की पहचान छिपाना या नियमों का उल्लंघन करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: एसपी रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस
जिले में आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने तथा आमजन के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक हरियाणा श्री अजय सिंघल, आईपीएस के सख्त दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में रेवाड़ी पुलिस द्वारा जिले भर में एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिला पुलिस ने सितम्बर माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध वाहनों के खिलाफ कड़ी कानूनी व चालानी कार्रवाई करते हुए अपना शिकंजा कसा है। जिला पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने यातायात पुलिस एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हुए हैं कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों और संदिग्ध वाहनों पर पैनी नजर रखी जाए। विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट, अधूरी या अस्पष्ट नंबर प्लेट, अथवा अंकों से छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके अतिरिक्त, 10 से 15 वर्ष पुराने डीजल व पेट्रोल वाहनों पर भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नंबर प्लेट कानूनी पहचान, छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, "वाहन की नंबर प्लेट उसकी प्राथमिक कानूनी पहचान होती है। इसे किसी भी प्रकार से बदलना, धुंधला करना, ढकना या पहचान छिपाने का प्रयास करना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है।"
एसपी रेवाड़ी ने बताया कि अक्सर यह देखने में आता है कि कुछ वाहन चालक जानबूझकर अंकों को छिपाने, मिटाने, मोड़ने या अनधिकृत पैटर्न में लिखवाने का प्रयास करते हैं, ताकि वास्तविक पंजीकरण संख्या स्पष्ट दिखाई न दे। इसके अतिरिक्त, कई लोग नंबर प्लेट पर विभिन्न प्रकार के शब्द, नाम, पद, स्लोगन या अनधिकृत डिजाइन बनवा लेते हैं। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे वाहन चालको के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
माह सितम्बर की कार्रवाई: 701 वाहन इम्पाउंड, 2129 वाहनों के चालान
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि जिला पुलिस टीमों द्वारा माह सितम्बर में जिले के सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान जिला पुलिस ने माह सितम्बर में यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले बिना नंबर प्लेट के वाहनों तथा 10 से 15 वर्ष पुराने डीजल व पेट्रोल के 334 वाहनों सहित कुल 701 वाहनों को इम्पाउंड किया है।
चालानी कार्रवाई: जिला पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के 914 वाहनों और बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) के 1215 वाहनों सहित कुल 2129 वाहनों के मौके पर ही चालान काटे है।
भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने स्पष्ट किया कि आपराधिक तत्वों पर लगाम कसने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
रेवाड़ी पुलिस आमजन एवं समस्त वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें, अपने वाहनों पर नियमानुसार स्पष्ट एवं हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट ही लगवाएं, पुराने वाहनों के संबंध में सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
Rewari, Rewari | Oct 5, 2026