नारायणबगड़ में आवारा कुत्तों का आतंक, तीन दिन स्कूल बंद
चमोली, उत्तराखंड। नारायणबगड़ क्षेत्र में आक्रामक कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला के अनुरोध पर क्षेत्र के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को तीन दिनों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
हालांकि, स्कूल बंद रहने के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से नारायणबगड़ क्षेत्र में आक्रामक कुत्तों का आतंक बना हुआ है। बुधवार सुबह भी कुत्तों के हमले में दो लोगों के घायल होने की सूचना है। इससे बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में दहशत का माहौल है और अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, चमोली की ओर से विद्यालयों में तीन दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान स्कूलों में भौतिक रूप से कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
वहीं, वन विभाग की टीम ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को नारायणबगड़ बाजार में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में टीम द्वारा लगातार निगरानी और कुत्तों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से आक्रामक कुत्तों के आतंक पर जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्ट: सुरेन्द्र धनेत्रा
#Chamoli #Narayanbagarh #DogAttack #UttarakhandNews #SchoolClosed #ChamoliNews #HimwantPradeshNews
Dehradun, Dehradun | Aug 20, 2026