श्री गुरु संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर रोहतास जिले में 18 से 20 अगस्त 2026 तक विभिन्न प्रखंडों में कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आज जिला पदाधिकारी, रोहतास ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के सभी 1851 अनुसूचित जाति टोलों में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे।
18 अगस्त को समाहरणालय, रोहतास से शाम 5 बजे कलश यात्रा का शुभारंभ जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया, जो अनुसूचित जाति टोला तकिया तक पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, वरीय पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, 20-सूत्री सदस्य, नगर परिषद सदस्य, जीविका दीदी एवं विकास मित्र उपस्थित रहे।
19 अगस्त को सासाराम, नोखा, संझौली, राजपुर, अकोढ़ीगोला, चेनारी, करगहर, बिक्रमगंज, सूर्यपुरा एवं दावथ प्रखंडों में कलश यात्रा निकाली गई। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, 20-सूत्री सदस्य एवं विकास मित्र शामिल हुए।
20 अगस्त को जिले के डेहरी, तिलौथू, रोहतास, नौहट्टा, नासरीगंज, काराकाट, कोचस, दिनारा एवं शिवसागर प्रखंडों में भी कलश यात्रा आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर जिले के सभी 1851 अनुसूचित जाति टोलों में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को विकास शिविर लगाए जाएंगे। शिविर की तिथि एवं स्थल की जानकारी पंचायत सचिव एवं विकास मित्र के माध्यम से संबंधित टोलों में व्यापक रूप से दी जाएगी।
शिविर से पूर्व प्राप्त आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा तथा पात्र लाभुकों को संबंधित योजनाओं का Entitlement शिविर में उपलब्ध कराया जाएगा। जनप्रतिनिधियों एवं 20-सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों को भी शिविर में आमंत्रित किया जाएगा। विकास मित्रों द्वारा सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी जाएगी।
विकास शिविरों में राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, विद्यालय में दाखिला, आंगनबाड़ी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, ई-श्रम कार्ड एवं श्रमिक पंजीकरण, आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, वास-भूमि/बसावट, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगजन से संबंधित योजनाएं, बुनियाद केंद्र की सेवाएं, हर घर नल-जल, मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जन-धन एवं बीमा योजनाएं, बिजली कनेक्शन, जीविका समूह एवं सतत जीविकोपार्जन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य अनुसूचित जाति टोलों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।
#IPRD
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Patna, Bihar | Aug 19, 2026