➡️ कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने पुनर्घनत्वीकरण योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
➡️ नवीन जेल की सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और राहतगढ़ के विकास कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में पुनर्घनत्वीकरण योजनांतर्गत राहतगढ़ में शासकीय निर्माण कार्यों के पुनरीक्षित प्रस्ताव तथा केंद्रीय जेल सागर की पुनरीक्षित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुमोदन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राहतगढ़ में प्रस्तावित शासकीय निर्माण कार्यों की लागत में वृद्धि के कारण पुनरीक्षित प्राक्कलन एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। वहीं, केंद्रीय जेल सागर की भूमि पर पुनर्घनत्वीकरण योजना की डीपीआर एवं निविदा प्रपत्रों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नवीन जेल के निर्माण के लिए ग्राम चितौरा में भूमि उपयोग, मास्टर प्लान एवं लेआउट की जानकारी ली। उन्होंने जेल की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप कैदियों की क्षमता पर चर्चा की। साथ ही केंद्रीय जेल में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जल निगम से समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने चितौरा में पेयजल उपलब्धता, ऑब्जर्वेशन व्यवस्था तथा जेल के आसपास यातायात प्रबंधन से संबंधित जानकारी भी ली।
बैठक में नवीन जेल के निर्माण के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं, भूमि की उपलब्धता तथा आगामी वर्षों में कैदियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने से जुड़े बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। पुनर्घनत्वीकरण योजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने पुनर्घनत्वीकरण योजना राहतगढ़ के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा प्रस्तावित नवीन गेस्ट हाउस, रेस्ट एरिया, पार्किंग एवं दुकानों के निर्माण कार्यों के पुनरीक्षित प्रस्ताव की समीक्षा की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की लागत में वृद्धि के संबंध में चर्चा करते हुए संबंधित विभाग को पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक अभिलेख एवं मैप सहित अपने विभागीय अभिमत और अनुशंसा के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि सक्षम समिति से अनुमोदन की कार्यवाही की जा सके।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 10, 2026