रंजीत कॉलोनी में 14.88 लाख की लागत से होंगे विकास कार्य, मेयर व विधायक ने किया शिलान्यास
रंजीत कॉलोनी में आरसीसी की दो मुख्य गलियों का होगा निर्माण, डाली जाएंगी स्टॉर्म वाटर लाइन
यमुनानगर। नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे है। इसी कड़ी में वीरवार को वार्ड नंबर 20 की रंजीत कॉलोनी में 14.88 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का मेयर सुमन बहमनी व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने पार्षद विक्रम राणा की मौजूदगी में शिलान्यास किया। यहां नगर निगम द्वारा दो मुख्य गलियों का निर्माण व स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य किया जाएगा। तीनों जन प्रतिनिधियों ने नारियल फोड़कर गलियों के निर्माण का शुभारंभ किया।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि रंजीत कॉलोनी में प्रदीप चौहान के घर से लवप्रीत के घर तक और पाल स्वीट्स की दुकान से राधे ड्राई क्लीनर्स तक आरसीसी गलियों का निर्माण किया जाएगा। इस गलियों के निर्माण के साथ स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य भी किया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को आवागमन के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी की बेहतर सुविधा मिलेगी। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। गलियों, नालियों, स्टॉर्म वाटर लाइन व अन्य जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार व नगर निगम द्वारा शहर के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। वार्डों में सड़क, सीवरेज, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं। रंजीत कॉलोनी में होने वाले इन विकास कार्यों से स्थानीय निवासियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। इस मौके पर सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, कनिष्ठ अभियंता विशाल चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, महामंत्री दिनेश मनकट सहित अर्जुन, परवीन राणा, परवीन कुमार, राघव शर्मा, बलोचन सिंह, वैभव, संजीव शर्मा, जगदीश बब्बर, निर्मला वर्मा, दीपक कुमार, श्याम लाल, जरनैल सिंह, राहुल पांडे आदि मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन - रंजीत कॉलोनी में विकास कार्यों का शिलान्यास करते विधायक व मेयर।