प्रभात फेरी से 'मन की बात' तक, पंचायत विकास दिवस पर जीविका दीदियों की प्रभावी भागीदारी
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर सहरसा जिले के सभी पंचायतों में जीविका दीदियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ मद्य निषेध नीति के प्रचार-प्रसार हेतु प्रभात फेरी निकाली । प्रभात फेरी के माध्यम से दीदियों ने ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा मद्यपान के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए शराबबंदी के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया । हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं नारों के माध्यम से उन्होंने समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया । प्रभात फेरी के उपरांत जिले के सभी पंचायतों में आयोजित "प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात" कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया । कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार एवं आमजन के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाना तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना था। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया ।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी पदाधिकारियों, जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई । पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, जनभागीदारी बढ़ाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की गई । जीविका दीदियों ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा पंचायत विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया । जीविका दीदियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह संदेश दिया कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ही समावेशी एवं सतत विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है । पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने सरकार और आमजन के बीच विश्वास, संवाद एवं सहभागिता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।