*पंचायत विकास दिवस के माध्यम से पंचायतों के समग्र विकास की बनेगी सशक्त कार्ययोजना : जिलाधिकारी*
सहरसा, 28 जून 2026
जिले की सभी पंचायतों में रविवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने सत्तर कटैया प्रखंड की बरहशेर पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस का निरीक्षण कर कार्यक्रम में भाग लिया तथा उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्राम सभा के माध्यम से व्यापक विचार-विमर्श कर पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए ग्राम सभा की नियमित बैठक, योजनाबद्ध विकास कार्यों का क्रियान्वयन तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन आवश्यक है। इससे विकसित बिहार एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को जिले की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पंचायत में संचालित योजनाओं एवं आगामी विकास कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) की चयनित थीमों पर विस्तार से चर्चा कर पंचायत के समग्र विकास की दिशा में आवश्यक सुझाव प्राप्त किए गए। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का सामूहिक श्रवण भी कराया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने ध्यानपूर्वक सुना। निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता श्री केतन शुक्ला, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (सत्तर कटैया) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।