जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा॰प्र॰से॰) की अध्यक्षता में 'जिला सड़क सुरक्षा समिति' की समीक्षा बैठक संपन्न; सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं ब्लैक स्पॉट्स के त्वरित सुधार पर दिए गए कड़े निर्देश
आज दिनांक 23 सितंबर 2026 को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी, औरंगाबाद की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, अतिक्रमण हटाने तथा घायलों एवं मृतकों के आश्रितों को मुआवजा प्रदान करने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट्स का परिमार्जन: जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों (NH-19, NH-139, NH-120 एवं SH-68) पर चिन्हित 30 दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (Black Spots) में सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। NH-139 एवं NH-19 पर कई स्थानों जैसे जसोईया मोड़, फार्म मोड़, ओरा पुल आदि पर VUP/फ्लाईओवर निर्माण एवं रंबल स्ट्रिप/साइन बोर्ड लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अन्य स्थानों पर PBMC योजना के तहत कार्य प्रगति पर है।
विशेष जाँच अभियान एवं शमन राशि (फाइन) की स्थिति: वित्तीय वर्ष 2026-27 (अप्रैल से अगस्त 2026) के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन (बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस/परमिट आदि) के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में कुल 31,994,712 रुपये (3.19 करोड़ रुपये) की शमन राशि वसूली गई है।
स्कूल बस सुरक्षा अभियान: जून से अगस्त 2026 के बीच शिक्षण संस्थानों के वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 190 से अधिक वाहनों पर शमन की कार्रवाई की गई।
हिट एंड रन एवं मुआवजा की स्थिति: iRAD पोर्टल के अनुसार हिट एंड रन मामलों के तहत कुल स्वीकृत 507 आवेदनों में से 417 मामलों में GIC द्वारा मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
गुड सेमेरिटन (राहवीर योजना): सड़क दुर्घटना के घायलों को 'गोल्डन आवर' में अस्पताल पहुँचाने वाले 'राहवीरों' को सम्मानित करने एवं 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की योजना (17 जुलाई 2026 से प्रभावी) के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया।
शहर में ऑटो/टोटो का रूट निर्धारण एवं कलर कोडिंग: औरंगाबाद नगर क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के लिए ऑटो/टोटो के परिचालन हेतु 07 प्रमुख रूटों का निर्धारण (रेड, ग्रीन, येलो, ब्लू, पिंक, ऑरेंज एवं पर्पल जोन) किया गया है। नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नो-पार्किंग, वन-वे एवं मेडियन बंद करने की योजना: ओल्ड जी०टी० रोड, एम०जी० रोड, कर्मा मोड़ एवं सर्विस लेन के विभिन्न हिस्सों को 'वाहन पड़ाव वर्जित क्षेत्र' (No Parking Zone) घोषित करने तथा अनावश्यक रोड मेडियन कट को स्थायी रूप से बंद करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
अतिक्रमण रोधी अभियान: NH-19, NH-139, NH-120 एवं RCD की सड़कों के किनारे चिन्हित 185 अतिक्रमण स्थलों में से कई प्रमुख स्थानों (भखरूआं मोड़, जसोईया मोड़, अम्बा आदि) से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है। शेष स्थानों से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश अनुमंडल अधिकारियों को दिए गए।
ITMS, पिंक बूथ एवं आधुनिक तकनीक: शहर में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए रमेश चौक, एम०जी० रोड अंडरपास सहित 10 प्रमुख चौराहों पर ITMS एवं ANPR कैमरों के अधिष्ठापन, पिंक बूथ (महिला सुविधा केंद्र) तथा EV चार्जिंग स्टेशनों के लिए स्थल चिन्हित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी महोदया ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराएं, ताकि जिले में दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद श्री उपेंद्रनाथ वर्मा, अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी, औरंगाबाद सुश्री सुनंदा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री गौरव सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), मोटर यान निरीक्षक (MVI), पथ निर्माण विभाग एवं NHAI के कार्यपालक अभियंता तथा सभी संबंधित थानों के थानाध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
#transport #GoodGovernance #samratchoudhary #CMSamrat CMO Bihar Transport Department, Government of Bihar Samrat Choudhary