मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाला अदालत का बेलिफ 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
पलवल जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ को एसवी एंड एसीबी की टीम ने आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते दबोचा, आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था
पलवल, 23 नवंबर। मकान का कब्जा दिलाने की एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले जिला न्यायालय, पलवल में तैनात बेलिफ श्याम सुंदर को हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये ले चुका था। उसके खिलाफ अभियोग संख्या 30, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।
मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से राधा कॉलोनी, आईटीआई के नजदीक, पलवल में स्थित 287 वर्ग गज का दो मंजिला मकान खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया था। बाद में मकान को लेकर विवाद होने पर मामला अदालत में पहुंच गया। अदालत के आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम कराई गई तथा उसे मकान का कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी किए गए।
मकान का कब्जा दिलाने के लिए अदालत ने आरोपी श्याम सुंदर को बेलिफ नियुक्त किया था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर मकान का कब्जा दिलाने के बदले 70 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को 20 हजार रुपये नकद दे चुका था, जबकि आरोपी शेष 50 हजार रुपये देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते पकड़ा
शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। टीम ने आरोपी श्याम सुंदर को आगरा चौक, पलवल पर उसकी मारुति सुजुकी बलेनो कार नंबर एचआर-30-डब्ल्यू-9955 में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने किया। ट्रैप के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में ओम दत्त, एक्सईएन, एफएमडीए, फरीदाबाद उपस्थित रहे। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पहले ली गई 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी सरकारी कार्य को करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर करें।
इसके अतिरिक्त, नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप के जरिए शिकायतकर्ता फोटो, वीडियो और ऑडियो जैसे साक्ष्य साझा कर अपनी शिकायत से संबंधित आवश्यक जानकारी सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकते हैं।
Palwal, Palwal | Nov 23, 2026