राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिवहर ने जिला बार एसोसिएशन संघ के साथ कॉन्फ्रेंस भवन में हुई बैठक,
शिवहर,07 सितंबर 2026। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला बार एसोसिएशन संघ, शिवहर के कॉन्फ्रेंस भवन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।बैठक में व्यवहार न्यायालय, शिवहर के सभी न्यायिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। वहीं जिला बार एसोसिएशन संघ, शिवहर के अध्यक्ष अवध किशोर सिंह, सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय एवं लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। न्यायिक पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व एवं इसके लाभों के बारे में जागरूक करें तथा अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निष्पादित कराने में सहयोग प्रदान करें।
बैठक में कहा गया कि लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निस्तारण से पक्षकारों के समय एवं धन की बचत होती है और आपसी सहमति से विवाद का समाधान होने के कारण दोनों पक्षों के बीच सौहार्द भी बना रहता है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर संजय अग्रवाल ने कहा कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में न्यायपालिका के साथ-साथ अधिवक्ताओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादित कराने की अपील की।
बैठक के दौरान उपस्थित जिला बार एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं सभी अधिवक्ताओं ने 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।