दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है- राज्यमंत्री श्री लोधी
==
शासन द्वारा दिव्यांगजनों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं- राज्यमंत्री श्री पटेल
==
दिव्यांगजन समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग- पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया
==
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों तक निरंतर सेवा की है- सांसद श्री लोधी
==
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सामाजिक न्याय विभाग ने
लगाया विशेष शिविर- जिलाध्यक्ष श्री शिवहरे
===
दिव्यांगजनों का जीवन सुगम बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य विशेष दिव्यांगजन शिविर का आयोजन किया गया है - कलेक्टर श्री यादव
==
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को कलेक्ट्रट परिसर दमोह में सहायक उपकरण वितरित
==
दमोह में 286 हितग्राहियों को 2490 सहायक उपकरणों का हुआ वितरण
==
जिला प्रशासन दमोह द्वारा एलिम्को जबलपुर एवं संबंधित विभागो के सहयोग आयोजित हुआ शिविर
==
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए जिला स्तरीय सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन कलेक्ट्रट परिसर दमोह में किया गया। भारत सरकार द्वारा देशभर में चिन्हित 76 स्थानों पर 17 सितंबर को आयोजित किए गए सहायक उपकरण वितरण शिविरों की श्रृंखला में दमोह जिले को भी सम्मिलित किया गया।
इसी क्रम में दमोह नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चिन्हित कुल 286 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। जिला स्तरीय शिविर में कुल 2490 सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। शिविर में हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, एल्बो क्रच, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, रोलरेटर, स्मार्टफोन सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, आनंद विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, श्याम शिवहरे, जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण वितरित किए।
दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है, इस आशय के विचार संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए आयोजित जिला स्तरीय सहायक उपकरण वितरण शिविर में व्यक्त किए।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सुशासन के कार्यकाल को प्रेरणादायी बताते हुए नागरिकों से सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सहभागी बनने की अपील की गई। उन्होने नागरिकों से कहा कि शाम को दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना करें तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा शासन द्वारा दिव्यांगजनों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहायक उपकरण वितरण शिविरों का आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी ऐसे शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाएगा।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, उन्होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की ईश्वर से प्रार्थना की।
पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा दिव्यांगजन समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं। आवश्यक उपकरण, प्रोत्साहन एवं सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इससे उनके मन की पीड़ा और झिझक दूर होगी तथा वे समाज और राष्ट्र के निर्माण एवं सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे सकेंगे।
डॉ. कुसमरिया ने कहा सेवा संकल्प पखवाड़े के अंतर्गत लगातार एक माह तक विभिन्न प्रकार के जनसेवा एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक आवश्यक सहायता, सुविधाएं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होने कहा जनकल्याणकारी गतिविधियों का उद्देश्य जरूरतमंद वर्गों को शासन की योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों तक निरंतर सेवा की है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा शिविर में 286 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दमोह में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष दिव्यांगजन शिविर आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों ने सम्मिलित होकर दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण किया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा समाज में सेवा भाव को जागृत करने, दिव्यांगजनों का जीवन सुगम बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष दिव्यांगजन शिविर का आयोजन किया गया है, उन्होने कहा जिला प्रशासन द्वारा एलिम्को कंपनी के सहयोग से जिले के प्रत्येक विकासखंड में परीक्षण शिविर आयोजित किए गए । इन शिविरों के माध्यम से पूरे जिले में 971 दिव्यांगजनों को चिह्नांकित किया गया था।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा शिविर के दौरान तत्काल उपलब्ध उपकरण वितरित किए गए। जबकि कस्टम/विशेष रूप से निर्मित होने वाले उपकरणों का वितरण भी किया गया। आज दमोह विकासखंड के 286 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान कर लाभान्वित किया गया। प्रशासन का संकल्प है कि जिले का कोई भी दिव्यांगजन शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और पारदर्शी तरीके से उनके नजदीकी स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
1 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 17, 2026