एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय साढौरा में पौधारोपण
साढौरा/यमुनानगर, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो- एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण अभियान के तहत राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय साढौरा में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के सदस्य चौधरी अमर सिंह एवं जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान, यमुनानगर के. एस. सधावा विशेष रूप से पहुंचे। इस अवसर पर चौधरी अमर सिंह एवं जिला परियोजना अधिकारी द्वारा विद्यालय प्रांगण में आंवला एवं नीम के पौधे रोपित किए गए।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चौधरी अमर सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मात्र एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। यदि हम आने वाली पीढिय़ों को स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण देना चाहते हैं तो आज हमें युद्ध स्तर पर पौधारोपण करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला परियोजना अधिकारी के. एस. सन्धावा ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से जिला यमुनानगर के सभी विद्यालयों में इस अभियान को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढिय़ों के लिए हमारी अमूल्य धरोहर है। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक उनकी सुरक्षा, देखभाल एवं सिंचाई करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मार्केट कमेटी के चेयरमैन, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान, विद्यालय के प्रिंसिपल गुरदीप गुलाटी, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रिंसिपल गुरदीप गुलाटी, विद्यालय स्टाफ एवं स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से चौधरी अमर सिंह को शाल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।