कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने शुक्रवार को अनूपपुर नगर पालिका क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नई सब्जी मंडी के पीछे स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा जैतहरी रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए कहा कि पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड की उपलब्धता को देखते हुए नए स्थल पर कचरा डंप करना उचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन ट्रेंचिंग ग्राउंड में एकत्रित कचरे को पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में स्थानांतरित कर व्यवस्थित ढंग से उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान कलेक्टर श्री पंचोली ने नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के नगर पालिका अधिकारियों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित कर नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे नगर के प्रत्येक वार्ड में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने नगर पालिका में उपलब्ध कचरा संग्रहण वाहनों की जानकारी भी ली। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नगर पालिका के पास 6 कचरा संग्रहण वाहन हैं, जो सभी वार्डों में प्रतिदिन घर-घर जाकर कचरा एकत्रित करते हैं। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहित किया जाए।
उन्होंने गीले, सूखे एवं अन्य प्रकार के अपशिष्ट का पृथक-पृथक संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण स्वच्छता प्रबंधन की महत्वपूर्ण कड़ी है। नगर पालिका के कर्मचारी इस व्यवस्था का पूर्णतः पालन कराएं तथा नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कलेक्टर श्री पंचोली ने निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी क्षेत्र एवं पुलिस लाइन के विभिन्न आवासों में स्वयं पहुंचकर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सफाई कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में उदासीनता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#anuppur
29 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Jul 11, 2026