पेट्रो जलप्रपात में नहाने के दौरान डूबने से युवक की मौत, एक की हालत गंभीर
कोडरमा: सतगावां थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पेट्रो जलप्रपात में शुक्रवार को नहाने के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी अनुसार, बिहारशरीफ (नालंदा) से युवकों का घूमने आएं कुछ युवक युवक जलप्रपात के कुंड में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। इनमें 40 वर्षीय राजीव कुमार, निवासी बिहारशरीफ चंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 27 वर्षीय गौतम कुमार, निवासी बिहारशरीफ, को गंभीर अवस्था में बाहर निकालकर सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गौतम कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। थाना के एसआई रोशन पासवान ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।