समाधान शिविर के दौरानभिवानी डीसी साहिल गुप्ता की सख्ती काम आई। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने शहीद भगत सिंह चौक से सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाले मुख्य सडक़ मार्ग पर रातों-रात स्पीड ब्रेकर बनवाए और अवैध कटों पर अधूरे कार्य को पूरा करवाया। इससे जहां एक तरफ यहां से हर रोज गुजरने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्रवासियों ने डीसी का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है अभी कुछ समय पहले ही शहीद भगत सिंह चौक से सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाले मुख्य सडक़ मार्ग पर डिवाईडर को बनाने व सडक़ मार्ग के नवीनीकरण का कार्य हुआ है, लेेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा सेक्टर 13 से सिटी स्टेशन पर मिलाने वाली सडक़ पर और नेता जी सुभाषचंद्र बोस ग्रीन बेल्ट से सेक्टर 23 में उतरने वाली सडक़ के पास कटों को अधूरा छोड़ दिया गया। इतना ही नही इस मुख्य सडक़ पर कहीं भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए, जबकि कई जगहों पर कट होने के चलते यहां पर अक्सर हादसे होते हैं।