युवा शक्ति देश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत- विधायक जयसिंह मरावी
===
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
===
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ समारोह रविवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, बुढ़ार में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवागत एवं पूर्व छात्र-छात्राओं का सम्मेलन भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री जयसिंह मरावी सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा नवागत एवं पूर्व विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
मुख्य अतिथि विधायक श्री जयसिंह मरावी ने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज के विकास की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम न मानते हुए समाज सेवा, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण का साधन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता के साथ अनुशासन, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होना आवश्यक है।
विधायक श्री मरावी ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के संचालन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को कार्यक्रम का लाभ लेकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विद्यार्थियों को स्वैच्छिकता की शपथ भी दिलाई गई।
सामाजिक कार्यों से युवाओं की ऊर्जा को जोड़ना जरूरी- शालिनी सरावगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद बुढ़ार की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी ने की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को सामाजिक कार्यों से जोड़कर समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम से जुड़कर पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, शहडोल के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम युवाओं को शिक्षा के साथ समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांव एवं समुदाय के बीच जाकर लोगों की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण
समारोह के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, बुढ़ार परिसर में पौधरोपण किया गया। अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों ने श्रम साधना एवं पारंपरिक खेलों में लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही श्रम साधना एवं पारंपरिक खेल जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को श्रम के सम्मान, सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया गया।
समारोह में श्री भागचंद्र सोनी, श्री दातूमल विसंदसानी, श्री कैलाश पांडे, श्री आनंद जी, श्रीमती पूर्णिमा मुखर्जी, श्रीमती मीनू जैन, सुश्री दीप्ति पांडे, सुश्री साक्षी पांडे, श्री आशीष नामदेव, श्री रामरेश कुशवाहा, श्री सुरेश मिश्रा, श्री संतोष साहू, श्री चंद्रशेखर वर्मा एवं मोहम्मद हनीफ सहित एम.एस.डब्ल्यू. एवं बी.एस.डब्ल्यू. के नवागत एवं पूर्व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
#शहडोल #shahdol
1 views | Shahdol, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026