नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश के साथ संपन्न हुआ ओपन पंचायत क्रिकेट टूर्नामेंट, पिंजौर बनी विजेता
पंचकूला, संवाददाता।
नशा मुक्त भारत अभियान एवं एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन (ACCP) के सहयोग से युवा स्पोर्ट्स क्लब जभरोट द्वारा आयोजित दो दिवसीय ओपन पंचायत क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 30 टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में पिंजौर की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि बोरिया की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं एसीसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित मानकट ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने तथा नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य नेत्र अत्री, चरण अबका, नेत्र प्रकाश, भाग सिंह, रमेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए दोनों दिन विशेष भंडारे की व्यवस्था भी की गई। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने मैचों का आनंद लिया।
नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश के साथ संपन्न हुआ ओपन पंचायत क्रिकेट टूर्नामेंट, पिंजौर बनी विजेता
30 टीमों ने लिया भाग, विजेता टीम को 21 हजार और उपविजेता को 11 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।