ज़िला प्रशासन पंचकूला सेक्टर 5 धरना स्थल पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराए - ओ पी सिहाग
सरकार ओ बी सी जातियों से संबंध रखने वाले एच पी एस सी की तरफ से चुने गए उम्मीदवारों को तुरंत नौकरी ज्वाईन करवाए।
प्रदेश में सरकारी विभागों में जो भी भर्ती की जाए उसमे प्रदेश के होनहार बेरोजगार युवाओ की ही भर्ती की जाए।
पंचकूला , 23 जून : जननायक जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग की अगुआई में आज जजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज,प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉक्टर किरण पूनिया तथा जिला कार्यालय सचिव सुरिन्दर चड्डा ने पंचकूला में जिला प्रशासन द्वारा धरना प्रदर्शन करने वाले लोगों के लिए सेक्टर 5 में जो धरनास्थल फिक्स किया है उसमें तुरंत प्रभाव से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने बारे जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा मिलकर एक ज्ञापन सौंपा। इससे पहले जजपा नेता सेक्टर 5 में धरना स्थल पर पिछले 6 महीनों से अपनी मांगे मनवाने के लिए संघर्ष कर रहे तथा पिछले 6 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एच पी एस सी अभ्यर्थियों से मिलकर पार्टी की तरफ से उनको पूरा समर्थन दिया तथा वहां पर नर्क जैसे हालात देख कर उपायुक्त पंचकूला से मिल कर धरना स्थल पर पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने बारे ज्ञापन देने का फैसला किया। ज्ञापन सौंपते हुए जजपा ज़िला अध्यक्ष ने उपायुक्त पंचकूला को बताया कि धरना स्थल पर जो पब्लिक टॉयलेट उपलब्ध कराए गए हैं उनकी साफ सफ़ाई का बुरा हाल है , आस-पास के क्षेत्र में भी सफाई ठीक नहीं है बड़ी बड़ी झाड़ियां खड़ी है एवं गन्दगी की भरमार है, न हीं स्वच्छ पानी एवं बिजली का कोई उचित प्रबंध है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि भूख हड़ताल पर बैठे युवक - युवतियों की हालत गंभीर होती जा रही है इसलिए उनको पूरी मेडिकल सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
जजपा नेताओं ने उपायुक्त पंचकूला से चर्चा करते हुए कहा कि पंचकूला प्रदेश की डीम्ड राजधानी है। हरियाणा के लगभग 80 प्रतिशत से ज्यादा सरकारी विभागों के मुख्यालय पंचकूला के सेक्टर 2,4, 5, 6, 14 ,17 ,22 में स्थित हैं। पूरे प्रदेश के सरकारी विभागों के कर्मचारियों से लेकर , छात्र, राजनीतिक लोग,व्यापारी, किसान, पूर्व सरकारी एवं प्राइवेट कम्पनियों के कर्मचारियों को अपनी जायज़ मांगों के लिए उच्च अधिकारियों से मिलने पंचकूला आना पड़ता है।उन्होंने कहा कि कई दफा सरकार या विभागों के उच्च अधिकारी उनकी जायज बात नहीं सुनते तो मजबूरन उनको शांतिपूर्वक तरीके से आन्दोलन का सहारा लेना पड़ता है।
ओ पी सिहाग ने कहा कि कुछ सालों पहले हर महीने में कोई न कोई धरना प्रदर्शन पंचकूला में सेक्टर 17- सेक्टर-18 की रोड़ पर हाउसिंग बोर्ड चौक से चंडीगढ़ में जाने के लिए होने लगे थे। इन धरना प्रदर्शनो से शहर के इस मुख्य रोड़ पर जाम की स्थिति रहने लगी, जिसकी वज़ह से पंचकूला के आम लोगों के जनजीवन पर भी असर पड़ने लगा। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर तत्कालीन ज़िला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सेक्टर 5 पंचकूला में हैफड भवन के पीछे खुले खाली पड़े मैदान में किसी भी तरह के धरना प्रदर्शन करने के लिए ज़िला प्रशासन ने धरनास्थल बना दिया।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि लोकतंत्र में जनतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने एवं उसके लिए अपनी बात मनवाने के लिए नियमो के मुताबिक कानून के दायरे में ज़िला प्रशासन से इजाजत लेकर हर पीड़ित को धरना प्रदर्शन करने, भूख हड़ताल पर बैठने के लिए पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से पीड़ित लोग अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से मनवाने के लिए सरकार की आंखे खोलने के लिए पंचकूला धरनास्थल पर आते हैं जो कि ज़िला प्रशासन द्वारा इसी कार्य के लिए बनाया गया है।इन लोगों में पुरुष, बच्चे,महिलाएं भी शामिल होते हैं वो यहां मजबूरी में सेंकड़ों किलोमीटर दूर से आते हैं । ज़िला प्रशासन ने सेक्टर 5 में धरनास्थल तो फिक्स कर दिया परंतु यहां पर पीने के पानी, बिजली ,टायलेट ब्लॉकस,मेडिकल सहायता की कोई उचित फैसिलिटी उपलब्ध नहीं करवाई । जो लोग यहां मजबूरी में गांधी वादी तरीके से धरना प्रदर्शन करने आते हैं वो भी इस प्रदेश एवं देश के नागरीक हैं ,वो इस बारे तय किए गए मानकों को पूरा मानते हैं। जजपा नेताओं ने उपायुक्त पंचकूला से मांग की है कि इस धरनास्थल पर सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाए । यहां पर गर्मी, सर्दी एवं बारिश से बचने के लिए एक शेड का निर्माण किया जाये तथा सफ़ाई आदि की भी पूरी व्यवस्था की जाए।