संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर शेरपुर पंचायत में आयोजित शिविर में जिला पदाधिकारी ने आमजनों से किया संवाद
छपरा, दि0 27.08.2026
संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों के क्रम में आज छपरा सदर प्रखंड अंतर्गत शेरपुर पंचायत में आयोजित शिविर का जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने भ्रमण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजनों एवं लाभुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने संत रविदास जी की वाणी, उनके विचारों एवं उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता, समानता तथा मानव कल्याण के संदेश को स्मरण करते हुए कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज में समानता, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
जिला पदाधिकारी ने आमजनों से संवाद करते हुए सरकार द्वारा संचालित 22 योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने दें।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कुछ लाभुकों के बीच उनके प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। उन्होंने उपस्थित लोगों से राशन कार्ड एवं शौचालय निर्माण के लिए पात्रतानुसार आवेदन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहे।
जिला पदाधिकारी ने विकास मित्र एवं पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि जिन पात्र लाभुकों के पास राशन कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक निवास प्रमाण-पत्र अथवा आय प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है, उनसे संबंधित प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए भी आवेदन प्राप्त करें तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों का राशन कार्ड हर हाल में बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने उपस्थित लाभुकों से भूमि से संबंधित मामलों की भी जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि यदि कोई पात्र लाभुक भूमिहीन है, तो नियमानुसार उसके लिए भूमि बंदोबस्ती की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ऐसे लाभुकों को चिह्नित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने आमजनों से उनकी अन्य समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में भी जानकारी साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित स्तर पर शिकायत अवश्य दर्ज कराएं, ताकि उसका समयबद्ध एवं उचित तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गली-नाली योजना से संबंधित शिकायतों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर आवश्यक योजनाओं को GPDP (ग्राम पंचायत विकास योजना) में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर उनका चयन एवं क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि गली-नाली से संबंधित आवश्यकताओं एवं शिकायतों का स्थल स्तर पर आकलन कर अगले स्तर की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि संत रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण के विचारों को आत्मसात करते हुए प्रशासन का प्रयास है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को आमजनों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Saharsa, Bihar | Aug 27, 2026