*बस्ती में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का आगाज आज 26,100 दीयों से*
बस्ती। शासन के निर्देश पर जनपद में आज 17 सितंबर से 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) के निर्देशानुसार आज जिले की सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों में कुल 26,100 दीये प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ होगा।
इस संबंध में कल दिनांक 16.09.2026 को जिलाधिकारी मैडम, मुख्य विकास अधिकारी और सीआरओ की अध्यक्षता में सभी विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सीआरओ ने सभी अधिशासी अधिकारियों (EO) को कड़े निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने नगर निकाय क्षेत्रों में जहाँ भी कूड़े के ढेर लगे हैं, उन्हें तत्काल साफ कराया जाए और कचरा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था की जाए।
*कहाँ कितने दीये जलेंगे -*
जारी सूची के अनुसार नगर पालिका परिषद बस्ती के कटेश्वर पार्क में 5100 दीये, जबकि नगर पंचायत कप्तानगंज के अमृत सरोवर, हरैया के हनुमान मंदिर, नगर बाजार, बनकटी, भभनान, गणेशपुर, भानपुर, रूधौली, गायघाट और मुण्डेरवा में 2100-2100 दीयों के साथ 'आशीर्वाद का दीपोत्सव' कार्यक्रम मनाया जाएगा।
वहीं दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' महा सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों से भी बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की गई है।
स्वच्छता ही सेवा केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-आंदोलन है। स्वच्छ शहर से ही स्वस्थ समाज बनता है। जब हर गली-मोहल्ला साफ होगा तो बीमारियां कम होंगी और बस्ती की सुंदरता बढ़ेगी। दीयों के प्रकाश के साथ स्वच्छता का यह संकल्प पूरे जनपद को रोशन करेगा।
@
Basti, Basti | Sep 17, 2026