सवाई माधोपुर में पुलिया के पास पलटी एलिवेटेड रोड निर्माण की मशीन, बड़ा हादसा टला
रेगर मोहल्ले के पास हुआ हादसा, सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस
सवाई माधोपुर। पुराने शहर के रेगर मोहल्ले के पास पुलिया के नजदीक एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के लिए जा रही एक मशीन अचानक पलट गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, यदि हादसे के दौरान आसपास लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के लिए ले जाई जा रही मशीन के पलटने की घटना ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली भारी मशीनों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।