छठ महापर्व के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित,
घाटों पर मुस्तैद रहेंगे दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी; बच्चों की सुरक्षा, मजबूत बैरिकेडिंग, सुगम यातायात तथा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर विशेष बल,
शिवहर:लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवश्यक नागरिक सुविधाओं एवं विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण को लेकर आज समाहरणालय संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी, शिवहर की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला संयुक्त आदेश में निर्धारित दायित्वों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण सतर्कता, आपसी समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान छोटी से छोटी घटना की रोकथाम के लिए प्रशासनिक सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहें तथा घाटों एवं आसपास की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। किसी भी समस्या अथवा आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों एवं नियंत्रण कक्ष को देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बच्चों की सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग पर विशेष निगरानी
जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि घाटों पर छोटे बच्चों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। कोई भी बच्चा अथवा श्रद्धालु बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी की ओर नहीं जाए, इसे प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस बल सुनिश्चित करें। अभिभावकों को भी बच्चों को अपने साथ रखने तथा उन्हें अकेले जलाशयों के निकट नहीं जाने देने के लिए जागरूक किया जाए।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को घाटों की बैरिकेडिंग की मजबूती एवं उपयुक्तता की जांच करने का निर्देश दिया गया। खतरनाक, गहरे एवं दलदली स्थलों को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड एवं लाल झंडे लगाए जाएं तथा ऐसे स्थलों पर श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका जाए। असुरक्षित घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित घाटों की ओर जाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने चोरी की रोकथाम, अतिक्रमण एवं दंडवत आने वाले व्रतियों की सुरक्षा पर दिया बल
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले घाटों एवं संपर्क मार्गों पर चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने घाटों एवं पहुंच मार्गों पर अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया। विशेष रूप से दंडवत करते हुए घाट तक आने वाले छठ व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उनके लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों की बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेंगे तथा संबंधित दंडाधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखेंगे।
समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने एवं पूजा समाप्ति तक उपस्थित रहने का निर्देश।
सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने दायित्वों के प्रति सजग रहें तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करें।
भीड़ प्रबंधन एवं सुचारु यातायात की व्यवस्था
घाटों पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं एवं सुरक्षा संदेश प्रसारित करने का निर्देश दिया गया। संकरे रास्तों पर श्रद्धालुओं का आवागमन नियंत्रित एवं व्यवस्थित रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की अफरातफरी अथवा भगदड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
छठ पूजा समितियों के सहयोग से महिला एवं पुरुष स्वयंसेवकों को चिह्नित कर परिचय पत्र के साथ तैनात करने का निर्देश दिया गया। यातायात व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने तथा घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को अवरोधमुक्त रखने पर विशेष बल दिया गया। आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता हर समय सुगम रखा जाए।
एसडीआरएफ, नाविक एवं बचाव दल रहेंगे सतर्क
बैठक में एसडीआरएफ की उपलब्ध टीम की तैनाती एवं तत्परता की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को प्रमुख घाटों पर बचाव व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा लाइफ जैकेट से युक्त प्रशिक्षित नाविकों, गोताखोरों एवं आपदा मित्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नदी एवं तालाबों में निजी नावों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी व्यक्ति को गहरे पानी में जाने अथवा बैरिकेडिंग पार करने की अनुमति नहीं होगी। बचाव कार्य से जुड़े कर्मी अपने निर्धारित स्थलों पर सतर्क रहेंगे।
चिकित्सक, एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहन रहेंगे तैयार
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। आवश्यक दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सदर अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखी जाए।
प्रमुख घाटों पर चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति तथा निर्धारित नियंत्रण कक्षों के पास चिकित्सक, पैरामेडिकल कर्मी एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अग्निशमन विभाग को सभी अग्निशमन वाहनों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने तथा सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया।
साफ-सफाई, प्रकाश एवं विद्युत सुरक्षा की समुचित व्यवस्था
नगर परिषद एवं संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को घाटों, सीढ़ियों एवं संपर्क मार्गों की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों पर फिसलन नहीं रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
सभी घाटों एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त रोशनी तथा वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर उपलब्ध रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर ढीले अथवा खुले विद्युत तारों को दुरुस्त करने तथा सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों पर चेंजिंग रूम एवं आवश्यकतानुसार अस्थायी अथवा चलंत शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
पटाखों पर प्रतिबंध एवं सोशल मीडिया पर निगरानी
छठ घाटों एवं उनके निकट पटाखों की बिक्री तथा उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया। घाटों पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री, कार्टून अथवा नारे का प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट, भड़काऊ सामग्री अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले संदेशों की निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रमुख भीड़भाड़ वाले घाटों पर वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया।
जिला नियंत्रण कक्ष से होगी सतत निगरानी
छठ महापर्व के अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन शाखा, शिवहर में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष नंबर 06222-257060 एवं 06222-257061 है। इसके अतिरिक्त नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत पछियारी पोखर घाट एवं जीरोमाइल के पास स्थित पोखर पर भी नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है।
घाटों पर प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन एवं बचाव दल सहित आवश्यक संपर्क नंबर प्रमुख स्थलों पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने समस्त जिलेवासियों, छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं पूजा समितियों से छठ महापर्व को शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित एवं चिह्नित घाटों का उपयोग करें, बैरिकेडिंग पार नहीं करें, बच्चों को अकेला नहीं छोड़ें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें और संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन एवं नियंत्रण कक्ष को दें।
छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए सभी नागरिकों से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।