जिला समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
आज दिनांक 28.09.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया।
बैठक में जिला समन्वय समिति की बैठक से संबंधित बिंदुओं, स्वास्थ्य एवं पोषण, भूमि उपलब्धता की स्थिति, समेकित बाल विकास योजना, आधारभूत संरचना एवं उपयोगिताओं तथा प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिला कोषागार से संबंधित पीएफएमएस, सीएफएमएस, dc बिल एवं ac बिल से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने लंबित बिलों एवं प्रतिवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया।
बैठक में जन शिकायत से संबंधित लंबित आवेदनों, जनता की समस्याओं के निष्पादन, शिविरों के आयोजन एवं सहयोग शिविर से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निष्पादन करने तथा संबंधित आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, विद्यालय भवन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। भवन निर्माण से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, विकास शाखा प्रभारी श्री दिवाकर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मनी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Lakhisarai, Bihar | Sep 28, 2026