विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ईडब्ल्यूएस सरलीकरण यात्रा नोखा पहुंची,
30 से ज्यादा जगह हुआ स्वागत
बीकानेर। बीकानेर जिले के नोखा में मुकाम से रास्ते रवाना हुई शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा मंगलवार को तय समय से पांच घंटे लेट पहुंची। यात्रा की शुरुआत मुकाम स्थित बिश्नोई समाज के पवित्र स्थल गुरु जंभेश्वर भगवान की समाधि के दर्शन कर की गई। इस अवसर पर विश्नोई महासभा की ओर से विधायक भाटी का स्वागत और सम्मान किया गया।
मुकाम से शुरू हुई यात्रा के नोखा पहुंचने तक दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। नोखा कस्बे में काफिला पहुंचने पर करीब 30 स्थानों पर लोगों ने भाटी और उनके साथ चल रहे समर्थकों पर फूल बरसाए। जगह-जगह जेसीबी की बकेट में खड़े युवाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा तय समय सुबह दस बजे से करीब पांच घंटे की देरी से पहुंची, बावजूद इसके लोगों में उत्साह बना रहा।
के.सी. मंडपम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा पिछड़े और वंचित लोगों को उनका हक दिलाने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ईडब्लूएस को सही रूप में लागू नहीं करने के कारण इस वर्ग के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इस मामले में राज्य और केंद्र सरकार को मिलकर ईडब्लूएस का सरलीकरण कर वास्तविक जरूरतमंद लोगों को लाभ देना चाहिए।
अपने चिर-परिचित राजस्थानी अंदाज में लांठा रैयां मोटियारों के संबोधन से भाटी ने सभा की शुरुआत की और कहा कि अपने हक के लिए जयपुर और दिल्ली तक भी जाना पड़े तो वे जनता को साथ लेकर जाएंगे। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जब सफेद धोती-कुर्ता पहने नेता गांवों में वोट मांगने आएं तो उनसे ईडब्लूएस सरलीकरण को लेकर सवाल जरूर पूछें।
इस अवसर पर सरला बिश्नोई ने भाटी को जंभेश्वर भगवान की प्रतिमा भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामसिंह चरकड़ा, इंद्रसिंह, राणूसिंह, समुद्रसिंह, जोगेंद्रसिंह, प्रेमसिंह, बबलूसिंह, महेंद्रसिंह, भवानीदान, पवन सारस्वत, करणीसिंह, महेंद्रसिंह, भूपेंद्रसिंह, अक्षयसिंह भाटी, भूपेंद्र सिंह, अक्षय सिंह, सवाईसिंह तंवर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Bikaner, Bikaner | Oct 6, 2026