कलेक्टर के निर्देश पर धमना तालाब से मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू
--------
धमना गांव के मध्य स्थित तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार वन विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। करीब पांच दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर केन नदी में छोड़ दिया।
मामले की जानकारी प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में वन विभाग की टीम द्वारा तालाब में लगातार निगरानी की गई और निर्धारित सुरक्षा उपायों के साथ रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद टीम को मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने में सफलता मिली। रेस्क्यू के उपरांत मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास केन नदी में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद धमना गांव के ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
#chhatarpur