🚨सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर धामी के सख्त निर्देश, बोले- सिर्फ पोर्टल पर बंद नहीं, समस्या का हो वास्तविक समाधान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर बंद करने तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। जिन जिलों में किसी विशेष प्रकृति की शिकायतें अधिक आ रही हैं, वहां जिलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिलाधिकारियों को तहसीलों का औचक निरीक्षण करने और दाखिल-खारिज के मामलों के समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा करने के निर्देश दिए। भूमि धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने को भी कहा।
पेयजल को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन के भीतर ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पानी की आपूर्ति में व्यवधान और लीकेज जैसी समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा और 180 दिन से अधिक पुराने मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘स्पेशल क्लोज’ या ‘फोर्स क्लोज’ नहीं करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर समस्याओं की वास्तविक स्थिति जानी। चिकित्सा प्रतिपूर्ति, परित्यक्ता पेंशन और पेयजल से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, स्ट्रीट लाइट और छात्रवृत्ति संबंधी शिकायतों के समाधान पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की कार्रवाई की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर जवाबदेही तय की जाएगी।
#Uttarakhand #CMHelpline1905 #PushkarSinghDhami #Dehradun #NewsMafiya
Dehradun, Dehradun | Sep 14, 2026