सरपंच सहित ग्रामवासियों ने थरा पंचायत को टीबी मुक्त करने का लिया संकल्प
ग्राम सभा में टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार की दी गई जानकारी
राष्ट्रपिता #MahatmaGandhi की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत थरा में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में पंचायत को टीबी मुक्त बनाने का प्रस्ताव सम्मिलित किया गया। इस अवसर पर सरपंच सहित ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी पंचायत को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया। यह संकल्प सिविल अस्पताल जौरा के वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्री रणबीर गोयल द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को दिलाया गया।
ग्राम सभा की बैठक का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्री रणबीर गोयल ने ग्रामीणों को टीबी के प्रमुख लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी का समय पर परीक्षण एवं उपचार कराया जाए तो इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में पंचायत में हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से टीबी की स्क्रीनिंग किए जाने की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से स्क्रीनिंग अभियान में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीणों से टीबी के संभावित लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच कराने तथा टीबी मुक्त पंचायत के निर्माण में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने पंचायत को टीबी मुक्त बनाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल जौरा के वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्री रणबीर गोयल, सरपंच श्री रसाल सिंह जाटव, सचिव श्री विकास जाटव, आशा कार्यकर्ता श्रीमती शीला देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कल्पना देवी, सहायिका श्रीमती बादामी शाक्य, एसटीपी श्री सोनू मोर्या सहित थरा पंचायत के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #MahatmaGandhiji Jansampark Madhya Pradesh