सांसद और महापौर ने किया श्रमदान
गांधी जयंती पर स्वच्छता रैली निकाली, टाउन हॉल में सफाई मित्रों का हुआ सम्मान
महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर नगर निगम मुरैना द्वारा स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अटल स्मारक चंबल पार्क के आसपास आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर एवं नगर निगम की महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद अटल प्रतिमा से गांधी पार्क तक स्वच्छता रैली निकाली गई।
श्रमदान कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, समाजसेवी डॉ. योगेश पाल गुप्ता, पूर्व विधायक श्री रघुराज कंषाना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सभी ने श्रमदान करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संदेश दिया।
नगर निगम द्वारा शाम 4 बजे जीवाजीगंज स्थित टाउन हॉल में सफाई मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने सफाई मित्रों का सम्मान करते हुए कहा कि सफाई मित्र स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। गर्मी, बरसात और धूप की परवाह किए बिना वे पूरे वर्ष निरंतर अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं। उनके परिश्रम से शहर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने कहा कि महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रम स्वच्छता पर केन्द्रित रहे। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया था। स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। जब हम अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखेंगे, तभी शहर और देश स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा।
सफाई मित्र सम्मान समारोह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, नगर निगम आयुक्त श्री सत्येंद्र धाकरे, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#MahatmaGandhi #Morena #MadhyaPradesh #JansamparkMP Jansampark Madhya Pradesh
43 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026