विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एनडीआरएफ टीम द्वारा +2 उच्च विद्यालय, खैरा में मॉक ड्रिल आयोजित।
जमुई: जिला पदाधिकारी, जमुई के निर्देश के आलोक में 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत खैरा प्रखंड स्थित +2 उच्च विद्यालय, खैरा में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा एवं बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान विशेष रूप से वज्रपात, डूबने की घटना, लू/हीटवेव, भूकंप एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों एवं त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।
एनडीआरएफ टीम द्वारा आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, बचाव एवं राहत कार्यों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य एवं सजगता के साथ निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विद्यार्थियों एवं विद्यालय कर्मियों की आपदा से निपटने की क्षमता को सुदृढ़ करना तथा आपदा की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना रहा।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आपदा से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है।
Khaira, Jamui | Sep 12, 2026