स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर बलिया में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को सदर तहसील से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिले में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 54 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन के 34 और शिक्षक निर्वाचन के 20 बूथ शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 33,770 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 28,859 स्नातक मतदाता और 4,911 शिक्षक मतदाता हैं।
इस निर्वाचन में कुल 34 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां की हैं। पोलिंग पार्टियों को निर्धारित बूथों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी और निर्वाचन तैयारियों के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
#Balliakhabar