कुल्लू एयरपोर्ट पर उतरा NCC का पहला माइक्रोलाइट विमान, हिमाचल में रचा इतिहास
हिमाचल प्रदेश में NCC और विमानन प्रशिक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। करीब तीन दशक के इंतजार के बाद 14 अक्टूबर को कुल्लू एयरपोर्ट पर NCC का पहला माइक्रोलाइट विमान उतरा।
इस विमान को 4 पंजाब एयर स्क्वाड्रन NCC के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन बलजिंदर सिंह गिल और 1 हिमाचल प्रदेश एयर NCC यूनिट, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने उड़ाकर कुल्लू पहुंचाया।
इस सुविधा को शुरू करने के लिए विंग कमांडर कुनाल शर्मा पिछले ढाई वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे थे। हैंगर निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, जरूरी मंजूरियों और विभिन्न विभागों के समन्वय से यह सपना साकार हुआ।
अब हिमाचल के NCC कैडेट्स को उड़ान प्रशिक्षण के लिए पटियाला नहीं जाना पड़ेगा। कुल्लू में ही उन्हें विमानन गतिविधियों का अनुभव मिलेगा, जिससे युवाओं को भारतीय वायु सेना और नागरिक विमानन क्षेत्र में करियर बनाने के लिए भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
Kullu, Kullu | Oct 14, 2026