जिला बदर आरोपी ने बेटों के साथ मिलकर युवक को पीटा, फॉर्च्यूनर में की तोड़फोड़
रिपोर्ट वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में जिला बदर एक आरोपी द्वारा अपने बेटों के साथ मिलकर एक युवक और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बड़ामलहरा क्षेत्र निवासी भारती बाई बेवा हरगोविंद राय ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 27 मई 2026 की रात करीब 10 बजे जिला बदर आरोपी भरत यादव अपने दो बेटों कल्लू यादव और जित्तू यादव के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने उनके पुत्र प्रहलाद राय से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। प्रहलाद द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे।
शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान भरत यादव ने पत्थर उठाकर प्रहलाद के चेहरे पर मार दिया, जिससे उसके दाहिने गाल पर गंभीर चोट आई। बेटे को बचाने पहुंचीं भारती बाई के साथ भी आरोपियों ने लात-घूंसों और पत्थरों से मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि दबंगों ने घर के सामने खड़ी उनके रिश्तेदार की फॉर्च्यूनर गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद परिवार ने बड़ामलहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष के डब्लू यादव, भूरी यादव और राजू यादव उनके घर पहुंचे और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। आरोप है कि रिपोर्ट वापस नहीं लेने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
भारती बाई ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिला बदर होने के बावजूद क्षेत्र में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे भरत यादव और उसके साथियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।